नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा हसनपुर l परिसर में पीएम किसान उत्सव दिवस के अवसर पर कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई। इसके साथ ही कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत विकसित 521 इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित करने तथा 12 हॉर्टिकल्चर परियोजनाओं के शुभारंभ का कार्यक्रम भी प्रसारित किया गया।
गोष्ठी में कपिल कुमार एसएमएस हसनपुर ने किसानों को कृषि यंत्रीकरण, पीएम कुसुम योजना, पीएम सूर्य घर योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर राष्ट्र सेवी संगठन के संयोजक एवं सभापति कृष्ण कुमार शर्मा ने किसानों से गौ आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से कृषि की लागत कम होगी और उत्पादन में वृद्धि होगी। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ ही भूमि की उर्वरक क्षमता भी बनी रहेगी तथा कृषि उत्पादों को विषैले रसायनों से बचाया जा सकेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हरकेश सिंह ने की तथा संचालन यशवीर सिंह ने किया। इस दौरान प्रदीप कुमार टीएसी, यशवीर टीएसी और बाहुल कुमार बीटीएम ने भी किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी।
इस मौके पर महीपाल सिंह, रामपाल सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह आदि किसान मौजूद रहे।



