राजनीतिराष्ट्रीयलखनऊ

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का दावा

हमने खोजे 25 लाख दोहरे और फर्जी मतदाता; आयोग से मांगा जाएगा इनाम

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि उनकी पार्टी ने मतदाता सूची में 25 लाख दोहरे और फर्जी मतदाता खोजे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और पीडीए प्रहरी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तैयारी लगातार कर रहे हैं। मतदाता सूची में नाम होना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी अपने वोट बचाने में कामयाब रही है।
अब जब उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची अंतिम रूप लेने की प्रक्रिया चल रही है तो मुख्यमंत्री की ओर से 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने की बात कही गई। अखिलेश ने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग की आपत्ति के बाद अब मुख्यमंत्री इस आंकड़े पर बात क्यों नहीं कर रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने यूपी की मतदाता सूची में 25 लाख डुप्लीकेट मतदाता खोजने का दावा किया है। उन्होने कहा कि इन मतदाताओं की सूची चुनाव आयोग को सौंपी जाएगी। सपा नेताओं ने आयोग से इस काम के लिए इनाम देने की भी मांग की है। दोहरे मतदाता की जानकारी देने वालों को दस रुपये प्रति नाम के हिसाब से इनाम दिया जाएगा। अखिलेश ने कहा कि हमने चुनाव आयोग को 25 लाख नाम दिए हैं और उम्मीद है कि आयोग इस मामले में कार्रवाई करेगा।
उन्होंने इसके साथ उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव (गृह) और डीजीपी को पद से हटाएगा। पार्टी ने मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर सरकार और चुनावी व्यवस्था पर सवाल भी उठाए हैं। वहीं यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के ‘जाओ भैंस चराओ’ वाले बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मंच से गोपालकों का अपमान किया गया है, जो अक्षम्य है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार ने गोवंश दूध संयंत्र को बर्बाद कर दिया। समाजवादी पार्टी की सरकार ने वाराणसी में भी दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र बनाने की योजना बनाई थी।
मतदाता सूची पुनरीक्षण की आड़ में चुनाव लूटने की तैयारी का आरोप
भाजपा की मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर हुई बैठक पर अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि यह मतदाता सूची सुधारने की नहीं, बल्कि चुनाव लूटने की योजना बनाने की बैठक है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर से 100 से अधिक फॉर्म भरे गए। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष के नाम से भी वोट कटवाने का प्रयास किया गया।
अखिलेश ने आशंका जताई कि स्थानांतरण और फर्जी नामों के जरिए मतदाता सूची में नए मतदाता जोड़े जा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से लोगों को लाकर उनके वोट बनवाने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा के दावे के मुताबिक 1.27 करोड़ वोट कटे हैं तो प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में औसतन करीब 33 हजार वोट कम हुए हैं। ऐसे में भाजपा को अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए।
मतदाता पहचान पत्र को आधार से जोड़ने की मांग
अखिलेश यादव ने मतदाता पहचान पत्र को अधिक सुरक्षित बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता पहचान पत्र धातु का बनाया जाए और उसे आधार से जोड़ा जाए। मतदान केंद्रों पर जैविक पहचान मशीनें लगाई जाएं, ताकि फर्जी मतदान और दोहरे मतदान को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जो लोग दोहरे मतदाताओं की पहचान कराएंगे, उन्हें इनाम दिया जाएगा। पार्टी ने इस संबंध में चुनाव आयोग को 25 लाख नाम देने का दावा किया है।
छह जनवरी तक चुनाव घोषित होने की उम्मीद
अखिलेश यादव ने चुनाव की तारीखों को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा डरी हुई नहीं है तो चुनाव आयोग 6 जनवरी तक चुनाव की तारीखों का ऐलान कर देगा। उन्होंने 10 जनवरी से पहले चुनाव घोषित होने की संभावना भी जताई। साथ ही कहा कि जनवरी में भी चुनाव की घोषणा हो सकती है।
फर्जी मुठभेड़ में मारे जाने का आरोप
अखिलेश यादव ने प्रदेश में कथित फर्जी मुठभेड़ों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इनमें ज्यादातर पीडीए समाज के लोगों को निशाना बनाया गया। उन्होंने सुमित गुर्जर, पुष्पेंद्र यादव, मंगेश यादव, त्रिभुवन कोरी, कमलेश बिंद, जावेद मोहम्मद, अरुण वाल्मीकि, पुजारी यादव और मनीष गुप्ता समेत कई नाम गिनाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन अधिकारियों के जरिए फर्जी मुठभेड़ कराए गए, उनमें से कुछ जेल में हैं। अखिलेश ने प्रदेश में दलितों और महिलाओं के खिलाफ अपराध के राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए भी सरकार पर निशाना साधा।
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा और आजम खां का भी उठाया मुद्दा
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीति में सैलानी भी होते हैं। उनका कहना है कि ऐसे लोगों को उत्तर प्रदेश में स्थायी रूप से रहना चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि इस मुद्दे पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी उनकी सामाजिक माध्यम पर की गई टिप्पणी को दोहरा रहे हैं। आजम खां का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने उन्हें फंसाया है। उन्होंने आजम खान से जुड़े शैक्षणिक संस्थान पर प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए।
अयोध्या जाने पर बोले- भगवान बुलाएंगे तो जाएंगे
अखिलेश यादव ने अपने अयोध्या दौरे को लेकर कहा कि उनके अयोध्या जाने की घोषणा पवन पांडेय ने ग्रह-नक्षत्र देखकर की है। उन्होंने कहा, ”भगवान बुलाएंगे तो जाएंगे।” अयोध्या में उनके दौरे को लेकर साधु-संतों की बैठक पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि आखिर कौन फोन करके साधु-संतों को बैठक करने के लिए कह रहा है। अखिलेश ने कहा कि बहुत सारे साधु-संत भी चाहते हैं कि वह अयोध्या जाएं और आज पवन पांडेय उनसे मिलने आए थे। उन्होंने चंद्रशेखर और असदुद्दीन ओवैसी को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि वे यहीं रह जाएं। उनके साथ आपसी बातचीत होती रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button