हापुड़

नहर में मिला बुर्के में लिपटा अज्ञात महिला का शव

मचा हड़कंप; हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़। जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव बछलौता में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। महिला का शव काले बुर्के में लिपटा हुआ था। नहर में पानी के साथ बहता हुआ शव 57 नंबर मार्ग पर बने पुल के नीचे पहुंच गया था। वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीन कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने नहर से महिला के शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

महिला के शव की स्थिति देखकर मौके पर मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार महिला के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

महिला की पहचान कराने में जुटी पुलिस

फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला कहां की रहने वाली थी और उसका शव नहर में कैसे पहुंचा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि बछलौता गांव की नहर में अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया गया। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। महिला की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल अज्ञात महिला की मौत रहस्य बनी हुई है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button