23 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गये ग्राम पंचायत अधिकारी।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जनपद में भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा है, भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा जनपद में कई बार कई अधिकारियों कर्मचारियों को रंगे हाथों धर दबोचा है, लेकिन फिर भी सरकारी दफ्तरों में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारियों में बिल्कुल भी भय दिखाई नहीं दे रहा है इसके बाद भी हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे है, गुरुवार को एक नया मामला सामने आया है जिसमें कोतवाली क्षेत्र अतंर्गत ग्राम पनारी के ग्राम पंचायत अधिकारी को एक किसान से 23 हजार की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन झांसी द्वारा रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन झांसी इकाई ने ग्राम पंचायत अधिकारी को रंगे हाथ 23 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाही थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पनारी में की गई। शिकायतकर्ता लोकेन्द्र सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन को दी गई शिकायत में बताया कि उनके पिता बलवन्त सिंह ग्राम पनारी के वर्तमान ग्राम प्रधान हैं। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं (शुगर) के चलते ग्राम प्रधान के कार्यों का निर्वहन शिकायतकर्ता द्वारा किया जा रहा है। ग्राम में अम्बेडकर पार्क के निर्माण हेतु ग्राम विकास निधि से लगभग 8.54 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी, जो ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी (सेकेट्री) के संयुक्त खाते में जमा की गई थी। निर्माण कार्य के प्रथम चरण में लगभग 2 लाख रुपये पूर्व में स्थानांतरित किए जा चुके थे। शेष कार्य के लिए धनराशि की आवश्यकता पड़ने पर शिकायतकर्ता के पिता ने ग्राम पंचायत अधिकारी उमाशंकर राजपूत से अनुरोध किया, जिस पर उन्होंने पहले से जारी धनराशि में से 23 हजार रुपये कमीशन (रिश्वत) की मांग की और कहा कि इसके बाद ही अगली किस्त जारी की जाएगी। शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत देने से इंकार करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन झांसी इकाई ने पनारी स्थित रामेश्वर तिवारी के मकान में छापा मारकर ग्राम पंचायत अधिकारी उमाशंकर सिंह राजपूत को 23 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की गिरफ्त में ग्राम पंचायत अधिकारी