गोड्डा
पांच जनवरी से कांग्रेस का मनरेगा बचाओ अभियान : दीपिका

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा। आगामी 5 जनवरी 2026 से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा पूरे देश में शुरू किए जा रहे राष्ट्रव्यापी “मनरेगा बचाओ अभियान” के तहत आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर सीधा और तीखा हमला बोला। दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि साल के अंत तक केंद्र सरकार ने एक और बड़ा षड्यंत्र रचा है, जिसके तहत मनरेगा जैसी ऐतिहासिक और गरीबों की जीवनरेखा बनी योजना को खत्म करने का रास्ता तलाशा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा ने देश में पलायन को रोका, गांवों को मजबूती दी और करोड़ों गरीब परिवारों को सम्मानजनक रोजगार प्रदान किया। उन्होंने सवाल उठाया कि कोरोना जैसे अभूतपूर्व संकट के समय मनरेगा के अलावा केंद्र सरकार ने गरीबों और मजदूरों को क्या दिया, जिससे उनकी रोजी-रोटी चल सके? मनरेगा ही वह एकमात्र योजना थी जिसने उस दौर में ग्रामीण भारत को भूख और बेरोजगारी से बचाया। बीजेपी द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि यह कहना सरासर झूठ है कि कांग्रेस को योजना के नाम से आपत्ति है। उन्होंने दो टूक कहा,“आप मनरेगा का नाम बदलकर कुछ भी रख लीजिए — कांग्रेस को नाम से नहीं, गरीब की रोटी से मतलब है। आप गांधी जी का नाम मिटाते चलिए, क्योंकि आपको गांधी और गरीब — दोनों से परेशानी है, लेकिन गरीब की रोटी छीनने की हिम्मत मत कीजिएगा।” उन्होंने कहा कि जिस तरह कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन ने किसानों के काले कानूनों के खिलाफ देशव्यापी संघर्ष कर केंद्र सरकार को यू-टर्न लेने पर मजबूर किया, उसी तरह मनरेगा को कमजोर करने की साजिश पर भी सरकार को पीछे हटने के लिए मजबूर किया जाएगा।
“मनरेगा पर भी हम उन्हें वापसी का रास्ता दिखाएंगे — यह संकल्प आज पूरे देश से लिया जा रहा है। उन्होंने ऐलान किया कि 5 जनवरी 2026 को कांग्रेस पार्टी देशभर में MGNREGA बचाओ अभियान की औपचारिक शुरुआत करेगी। इसी कड़ी में विभिन्न राज्यों में विरोध प्रदर्शन, पदयात्राएं और जनआंदोलन आयोजित किए जाएंगे। झारखंड में कांग्रेस कार्यकर्ता रांची में राजभवन तक पदयात्रा कर केंद्र सरकार की गरीब-विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिलाध्यक्ष, प्रभारी, प्रखंड अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



