बरेली

मतदाता सूची को शुद्ध बनाने में राजनीतिक दल करें सक्रिय सहयोग – जिलाधिकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
उन्होंने बताया कि 17 नवंबर 2026 को एकीकृत आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है। 28 नवंबर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इन दोनों दिनों में सभी बीएलओ व सुपरवाइजर अपने-अपने बूथों पर फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 के साथ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने राजनीतिक दलों से कहा कि वे विशेष अभियान दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं और अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को बूथों पर उपस्थित रहने के निर्देश दें।
जनपद में 29,80,682 मतदाता
बैठक में बताया गया कि बरेली के 9 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 29,80,682 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 16,23,852 पुरुष, 13,56,774 महिला तथा 56 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। जनपद में कुल 3,807 मतदेय स्थल एवं 1,941 मतदान केंद्र हैं। सभी 3,807 मतदेय स्थलों पर बीएलओ नियुक्त हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि 28 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा। बीएलए एक बार में अधिकतम 10 फार्म-6 और पूरे कार्यक्रम में कुल 30 फार्म-6 जमा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मिथ्या घोषणा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है, जिसमें एक वर्ष तक के कारावास अथवा जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं के मतदान केंद्र अथवा बूथ में परिवर्तन हुआ है, उन्हें इसकी सूचना अनिवार्य रूप से दी जाए। बूथों पर मतदाता सूची चस्पा कराई जाए। कोई भी अर्ह मतदाता शामिल होने से वंचित न रहे और किसी अनर्ह व्यक्ति का नाम दर्ज न हो।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button