गोड्डा

पोड़ैयाहाट में बन रहे चिल्ड्रेन पार्क का उप विकास आयुक्त ने किया निरीक्षण, दिए गये निर्देश 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
– आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों को अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश 
– आवास निर्माण कार्य में रूचि नहीं लिए जाने पर संबंधित लाभुुक के विरूद्ध होगी कार्रवाई 
पोड़ैयाहाट, गोड्डा। डीडीसी दीपक कुमार दूबे द्वारा पोड़ैयाहाट प्रखंड कार्यालय के सभागार में ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा कार्यान्वित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आहूत की गई।
बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निदेश दिया गया। विशेषकर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं अबुआ आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों को अविलंब नियमानुसार पूर्ण करने का निदेश दिया गया। साथ ही संबंधित पंचायत सचिव को निदेशित किया गया कि ऐसे लाभुक जो सहयोग राशि प्राप्त करने के बाद भी आवास निर्माण पूर्ण कराने हेतु इच्छुक नहीं है, उनके नाम से अंतिम नोटिस निर्गत कराकर तामिला कराया जाय। नोटिस तामिला कराने के बाद भी उनके द्वारा आवास निर्माण कार्य में अभिरूचि नहीं ली जा रही है तो संबंधित लाभुुक के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि मनरेगा अन्तर्गत वर्तमान समय में मौसम को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर भूमि समतलीकरण, ट्रेंच, मेढ़बंदी आदि से संबंधित कार्य कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही आवास योजना में मनरेगा अन्तर्गत देय मजदूरी की राशि नियमानुसार भुगतान करने का निदेश दिया गया। वैसे लाभुक जो आवास की राशि 60 दिनों से लेकर रखे हुए हैं एवं आवास नहीं बना रहे हैं, को चिन्हित करते हुए आवास पूर्ण कराने हेतु अग्रेतर कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।
   समीक्षा के दौरान पंचायत आसाढ़ी माधुरी, सिदबांक, पसई एवं चतरा में सर्वाधिक आधार सीडिंग लंबित पाया गया। जिसे दो दिनों के अन्दर शत् प्रतिशत पूर्ण कराने का निदेश दिया गया।
साथ ही मनरेगा में निबंधित एवं कार्यरत मजदूरों में महिलाओं की भागीदारी में वृद्धि सुनिश्चित कराने हेतु पंचायत-बाघमारा, भटौंधा एवं लाठीबाड़ी के ग्राम रोजगार सेवकों को निदेशित किया गया। साथ ही मनरेगा अन्तर्गत सर्वप्रथम पुरानी एवं भौतिक रूप से पूर्ण योजनाओं के देयता का भुगतान करते हुए एम.आई.एस. में योजनाओं को पूर्ण कराने का निदेश दिया गया। मनरेगा एवं अन्य मदों से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी यथाशीघ्र पूर्ण कराने एवं उसमें आंगनबाड़ी का संचालन प्रारंभ कराने का निदेश दिया गया।
  समीक्षा बैठक के समाप्ति के उपरान्त पोड़ैयाहाट में निर्माणाधीन चिल्ड्रन पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित कार्यकारी एजेंसी को आवश्यक सुधार करने हेतु निदेश दिया गया। ताकि पार्क को यथाशीघ्र हस्तगत कराया जा सके। निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक अभियंता भवन प्रमण्डल गोड्डा, सहायक अभियंता, भवन प्रमण्डल, गोड्डा एवं सहायक अभियंता, ग्रामीण विकास विशेष प्रमण्डल, गोड्डा मुख्य रूप से उपस्थित थे। तत्पश्चात् पोड़ैयाहाट में जिला परिषद द्वारा निर्मित विवाह भवन एवं डाकबंगला का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक मरम्मति हेतु प्राक्कलन तैयार करने हेतु संबंधित अभियंता को निदेशित किया गया। साथ ही डीएमएफटी मद से निर्माणाधीन विवाह भवन का भी निरीक्षण किया गया। जिसे निर्धारित समय-सीमा के अन्दर पूर्ण करने का निदेश दिया गया तथा चहारदीवारी के बगल में इमारती पौधों का रोपण कराने का निदेश दिया गया।
भटौंधा पंचायत अन्तर्गत मनरेगा के तहत कार्यान्वित विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया गया। साथ ही ट्रेंच कटिंग के कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यान्वित योजनाओं को नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के अन्दर पूर्ण कराने का निदेश दिया गया। मनरेगा के तहत आम बागवानी में खर-पतवार साफ करने का निदेश दिया गया तथा यथाशीघ्र पौधारोपण प्रक्रिया सम्पन्न कराने का निदेश दिया गया।
  प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य उपकेन्द्र भटौंधा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान योजना पूर्ण पाया गया। लेकिन अभी तक स्वास्थ्य विभाग को हस्तगत नहीं होने के कारण कार्यशील नहीं पाया गया। जिसे अविलंब हस्तगत कराते हुए कार्यशील कराने का निदेश दिया गया।
 प्रखण्ड स्तर पर आयोजित उक्त समीक्षा बैठक में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रभारी प्रखण्ड समन्वयक, सहायक अभियंता, सभी कनीय अभियंता, सभी पंचायत सचिव, सभी ग्राम रोजगार सेवक एवं अन्य कर्मीगण उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button