कैराना
आईडी का दुरुपयोग कर नाम पर निकाला लाखों का लोन, डीएम से शिकायत
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पीड़ित ने लगाई गुहार, विरोध करने पर धमकी देने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। तहसील कैराना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गांव ईस्सापुर खुरगान निवासी एक व्यक्ति ने उसकी पहचान पत्र का दुरुपयोग कर उसके नाम पर फर्जी तरीके से लाखों रुपये का ऋण निकलवाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित अब्दुल कादिर पुत्र कामिल हसन ने जिला अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के ही तालिब पुत्र फरजू शेख ने जालसाजी कर उसकी आईडी का इस्तेमाल करते हुए होम क्रेडिट और बजाज कंपनी से लोन निकलवा लिया। पीड़ित का कहना है कि उसने कभी कोई ऋण नहीं लिया और न ही किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए, इसके बावजूद उसके नाम पर कर्ज चढ़ा दिया गया। अब्दुल कादिर के अनुसार, हाल ही में जब उसे इस पूरे मामले की जानकारी हुई तो उसने आरोपी से विरोध जताया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही थाना कैराना पुलिस को मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश देने की भी गुहार लगाई है। सम्पूर्ण समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, बिना जानकारी किसी की आईडी पर लोन निकलने जैसी घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी पर रोक लग सके।

