महिला से मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में एक मोहल्ला निवासी महिला ने दो युवकों पर उसके साथ गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस कोतवाली में शिकायत की है । महिला ने मामले में कार्यवाही की मांग की है।
पीड़ित महिला की शिकायत के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को करीब 10:30 बजे महिला किसी सामान के लिए दुकान पर जा रही थी । इसी दौरान फ्लैट के टावर के नीचे खड़े हसरत और संदीप कथित तौर पर उसकी बेटी के संबंध में अभद्र भाषा में बातचीत करने लगे। महिला का आरोप है कि जब उसने ऐसा करने से मना किया तो दोनों उसके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी करने लगे।
महिला के मुताबिक, घटना की जानकारी हसरत की पत्नी को देने के लिए जाने के दौरान हसरत पीछे से आ गया और कथित रूप से डंडे से मारपीट करने लगा। महिला ने बताया कि उसके हाथ में चोट आई है। आसपास मौजूद पड़ोसी के मौके पर पहुंचने पर मामला शांत हुआ।
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने SC/ST एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने और परिवार को जेल भेजने की धमकी दी है ।
पीड़िता ने पिलखुवा कोतवाली पुलिस से शिकायत दर्ज कर मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


