
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : दलित राजनीति के प्रमुख चेहरे माने जाने वाले ब्रह्मस्वरूप सागर ने अपनी राजनीतिक दिशा को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने बुधवार को दिल्ली आवास में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात कर आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ भी उपस्थित रहे पिछले कुछ दिनों से बरेली में यह चर्चा जोरों पर थी कि ब्रह्मस्वरूप सागर समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं, लेकिन उन्होंने इन कयासों को खारिज करते हुए आजाद समाज पार्टी का दामन थाम लिया।
ब्रह्मस्वरूप सागर का राजनीतिक सफर लंबा और प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समाजवादी पार्टी से की। इसके बाद बहुजन समाज पार्टी में बरेली के जिला अध्यक्ष, मंडल कोऑर्डिनेटर तथा बरेली-मुरादाबाद मंडल के जोन इंचार्ज जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। इसके पश्चात वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में प्रदेश महासचिव भी रहे।
इस निर्णय के बाद बरेली और आसपास के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। ब्रह्मस्वरूप सागर के साथ सैकड़ों समर्थकों ने भी आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ली, जिससे पार्टी को बरेली व बदायूं क्षेत्र में मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।
इस मौके पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि ब्रह्मस्वरूप सागर के पार्टी में शामिल होने से संगठन को बरेली मंडल में नई मजबूती मिलेगी और सामाजिक न्याय की लड़ाई को और बल मिलेगा।



