बरेली
जनसुनवाई में लापरवाही पड़ी भारी, सीबीगंज इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीगंज थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।
मामला सीबीगंज थाना क्षेत्र का है। 27 अक्टूबर को एक पीड़िता थाने पर शिकायत लेकर पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 29 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद भी पीड़िता के सिर में गंभीर चोट होने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
इसे जनसुनवाई में घोर लापरवाही और पदीय दायित्वों के प्रति उदासीनता मानते हुए एसएसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए।
निलंबित होने वालों में थानाध्यक्ष विनोद सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार और उपनिरीक्षक अश्वनी शर्मा शामिल हैं।
बता दें, 28 अक्टूबर को एसएसपी ने सभी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जनशिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए थे, इसके बाद भी लापरवाही सामने आने पर ये सस्पेंशन किया गया है।



