
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। भीषण गर्मी से जहां इंसान परेशान हैं, वहीं बेजुबान पशुओं के लिए भी राहत के इंतजाम किए जा रहे हैं। मुरादाबाद नगर निगम ने एक सराहनीय पहल करते हुए शहर की सभी गौशालाओं में गोवंशीय पशुओं को गर्मी से राहत दिलाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। खासतौर पर मैनाठेर स्थित कान्हा गौशाला जो उत्तर प्रदेश की पहली ISO प्रमाणित गौशाला है, वहां पर इंसानों जैसी देखभाल की जा रही है।
हरे चारे और गीले भूसे की व्यवस्था की गई है
नगर निगमब द्वारा गौशालाओं में पंखे, कूलर और वॉटर स्प्रिंकलर लगाए गए हैं, जिससे तापमान को नियंत्रित किया जा सके और पशुओं को गर्मी से राहत मिल सके। इसके अलावा हरे चारे और गीले भूसे की भी समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे पशुओं को पोषण और ठंडक मिल सके। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि “पशु बोल नहीं सकते लेकिन उनकी जरूरतों को समझना हमारी जिम्मेदारी है। हमने मैनाठेर स्थित कान्हा गौशाला सहित सभी नगर निगम संचालित गौशालाओं में पंखे, कूलर और स्प्रिंकलर लगवाए हैं। साथ ही रोजाना जानवरों को नहलाया जा रहा है और उन्हें ठंडा व ताज़ा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है
कान्हा गौशाला में इस समय 200 से अधिक गोवंशीय पशु रह रहे हैं। यहां साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम हैं और पशुओं की देखभाल एक अनुशासित ढांचे में की जाती है। नगर निगम की यह पहल निश्चित रूप से एक मिसाल है, जो यह दिखाती है कि अगर संवेदनशीलता और व्यवस्थाओं का मेल हो तो बेजुबानों के लिए भी जीवन आसान बनाया जा सकता है। नगर निगम की यह योजना केवल कान्हा गौशाला तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की अन्य गौशालाओं में भी यही सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे हर पशु को राहत मिल सके ।




