
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जायेगा। इसके सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिले के सभी विद्यालय के प्राचार्य, जेएसएलपीएस, आयुष समिति के योग प्रशिक्षक के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने सभी को टीम के रूप में कार्य कर योग दिवस का भव्य आयोजन करने की अपील की। साथ ही आयोजन से सम्बन्धित सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। आयोजन में विभिन्न विद्यालयों, जेएसएलपीएस, जिला कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने योग की महत्ता व इसके शारीरिक और मानसिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए आम जनमानस को योग के प्रति जागरूक करने के लिए उचित दिशा निर्देश दिए। साथ ही उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाया। मौके पर उप विकास आयुक्त, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे।



