
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली/झिंझाना। सहारनपुर परिक्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत शामली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के क्रम में थाना झिंझाना पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला के नेतृत्व एवं क्षेत्राधिकारी कैराना श्री हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में की गई कार्रवाई के दौरान अभियुक्त इजहार पुत्र नौशाद निवासी मोहल्ला गुजरान, थाना गंगोह (जनपद सहारनपुर) को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 500 ग्राम अवैध स्मैक (अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये), तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP19V4536), वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा 520 रुपये नकद बरामद हुए। इस संबंध में थाना झिंझाना पर मु0अ0सं0 171/2026 धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब अभियुक्त के तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुटी है, जिससे इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सके।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विपिन मलिक, हेड कांस्टेबल रोहित कुमार, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार एवं कांस्टेबल सत्यप्रकाश शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से यह सफलता संभव हो सकी।
पुलिस की अपील:
शामली पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि नशा मुक्ति अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि “नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” बढ़ते इस अभियान को और मजबूत बनाया जा सके।


