बुलंदशहर

नाबालिग छात्रा को जबरन दबोच कर चार युवकों ने किया गैंगरेप

मां की तहरीर पर पुलिस ने नहीं की रिपोर्ट दर्ज 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पीड़िता ने लगाई रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार 
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
औरंगाबाद बुलंदशहर  क्षेत्र के एक गांव में साढ़े चौदह साल की कक्षा सात की एक छात्रा को एक युवक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर जबरन दबोच लिया और अपनी बैठक में ले जाकर बारी बारी से चारों युवकों ने मूंह काला किया। बालिका की आपबीती सुन उसकी मां ने थाने पहुंच कर लिखित तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई। आरोप है कि पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। जिसके चलते पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने और अभियुक्तों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव बकौरा निवासी एक महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायती पत्र देकर  अवगत कराया है कि उसकी साढ़े चौदह वर्षीय पुत्री पास के एक गांव के स्कूल में कक्षा सात में पढ़ती है। गांव का ही एक दबंग युवक आते जाते उसके साथ छेड़छाड़ करता रहता था। दिनांक 28 सितंबर की सुबह बालिका गांव के सिद्ध बाबा मंदिर में पूजा करने गयी । गांव का दबंग युवक अपनी कार लेकर वहां पहुंच कर उसकी बेटी को दबोचने के बाद अपनी कार में जबरन बैठाने का प्रयास करने लगा लेकिन उसकी बेटी किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर उसे धक्का दे भाग निकली। युवक ने उसकी बेटी को नया मोबाइल दिलाने का लालच देकर बात करने का आफर भी दिया लेकिन उसकी बेटी ने साफ मना कर दिया। उसी रात जब उसकी लड़की घर से घेर को जा रही थी तो युवक ने गांव के ही अपने तीन साथियों के साथ मिलकर उसे जबरन दबोच लिया और उसे अपनी बैठक में ले जाकर चारों युवकों ने बारी बारी से उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। सुबह उसकी बेटी ने घटना की जानकारी दी तो उसके पति ने आरोपी युवक के बड़े भाई से युवक और उसके साथियों की काली करतूत की जानकारी दी तो उसने दो लाख रुपए देने का लालच देकर कहा कि यदि शिकायत दर्ज कराई तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पीड़िता की मां ने यह भी बताया कि उसने औरंगाबाद थाना पर दो अक्टूबर को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना पुलिस को मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button