अमरोहा
मोहर्रम जुलूस को लेकर अमरोहा प्रशासन सतर्क
एसडीएम और सीओ ने धर्म गुरुओं के साथ की बैठक, पुरानी परंपरा के अनुसार जुलूस निकालने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अमरोहा : मोहर्रम जुलूस को लेकर प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। शनिवार को नगर कोतवाली परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ बैठक की। सदर एसडीएम भगत सिंह और सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम का जुलूस पुरानी परंपरा के अनुसार ही निकाला जाएगा। उन्होंने कोई नई परंपरा न जोड़ने की हिदायत दी।
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया :
सीओ सिटी शक्ति सिंह ने क्षेत्र के प्रमुख नागरिकों और धर्म गुरुओं से त्योहार को शांतिपूर्वक मनाने की अपील की। इसके साथ ही, नौगावां सादात थाने में भी मोहर्रम के जुलूस को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्किल सीओ अवधभान सिंह भदोरिया, एसडीएम और थाना प्रभारी सुनील कुमार ने मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया। यहां भी अधिकारियों ने पुरानी परंपरा का पालन करने और नई परंपराएं न जोड़ने के निर्देश दिए।


