बरेली
गड्ढे भरने की फुर्सत नहीं, नया खोदने की जल्दी मै रहता है जलकर विभाग

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। विकास के नाम पर शहर की सूरत बिगाड़ने और जनता को आफत में झोंकने का खेल श्यामगंज में चरम पर है। गल्ला मंडी से लेकर फ्लाईओवर तक जलकल विभाग ने पहले पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क का सीना चीर दिया और काम के बाद उसे ऊबड़-खाबड़ हाल में ही छोड़ दिया, जिससे लोग पहले से ही चोटिल हो रहे थे।
अब रही-सही कसर श्यामगंज चौराहे के बीचो-बीच ट्रंक सीवर लाइन जोड़ने के लिए शुरू हुई नई खुदाई ने पूरी कर दी है। इस व्यस्त चौराहे पर सोमवार को दिनभर अफरा-तफरी का माहौल रहा और पाइपलाइन के मलबे व सीवर की नई खुदाई के दोहरे वार से पूरा इलाका ””जामगंज”” में तब्दील हो गया। वाहनों की लंबी कतारों के बीच पुलिस के पसीने छूट गए। सीवर लाइन के खोदे गए गड्ढे को जलकल विभाग के अफसर भले ही इसे कालीबाड़ी क्षेत्र की सीवर समस्या का समाधान बता रहे हों, लेकिन बिना किसी पूर्व योजना और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था किए चौराहे को खोद देना विभाग की अदूरदर्शिता को दर्शाता है। एक तरफ जहां साहू गोपीनाथ से फ्लाईओवर तक की सड़क को मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी गई है, जहां हर दस मिनट में लगने वाले जाम के कारण राहगीरों के बीच झगड़े होते हैं। दूसरी तरफ, अब मुख्य चौराहे की घेराबंदी ने मुसीबत और बड़ा दी है।



