बरेली
व्यावसायिक सिलिंडरों पर संकट, होटल और रेस्टोरेंट को आपूर्ति रोकी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। पश्चिम एशिया में छिड़े युद्ध के कारण व्यावसायिक गैस सिलिंडरों पर संकट मंडराने लगा है। बरेली में पेट्रोलियम कंपनियों ने सभी गैस एजेंसियों और जिला पूर्ति अधिकारी को आदेश जारी कर होटल-रेस्टोरेंट को व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति रोक दी है। विशेष परिस्थितियों में एजेंसी की ओर से डिमांड भेजे जाने पर उनको व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। आवश्यक सेवाओं जैसे पुलिस, सेना, अस्पताल, रेलवे को आपूर्ति जारी रहेगी।
सात मार्च को बढ़ाई गई थी कीमत
पेट्रोलियम कंपनियों ने सात मार्च को घरेलू सिलिंडर की कीमत में 60 और व्यावसायिक की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की थी। साथ ही, बुकिंग में 25 दिन का नियम लागू कर दिया था। नए नियम के तहत अब एक बार घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग के बाद दूसरी गैस सिलिंडर की रिफिल के लिए बुकिंग 25 दिन बाद ही होगी। उधर, उत्तर प्रदेश एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आदर्श शर्मा ने बताया कि पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से यह आदेश शनिवार को ही जारी किया गया था। इससे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आम जनता की जेब पर असर पड़ेगा।



