जामताड़ा

जामताड़ा में भाजपा का आक्रोश प्रदर्शन, हेमन्त सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

BJP protests in Jamtara, accuses Hemant government of corruption

सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा। झारखण्ड में भाजपा के राज्यव्यापी आक्रोश आन्दोलन के तहत मंगलवार को जामताड़ा प्रखण्ड कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी सुनील हांसदा एवं चंडी चरण दे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गिरती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बदहाल बिजली-पानी व्यवस्था और अवैध खनन के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद बीडीओ को ज्ञापन सौंपा गया और चेतावनी दी गई कि हालात नहीं सुधरे तो आन्दोलन और तेज़ किया जायेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने हेमन्त सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में दवा और एंबुलेंस तक नहीं मिल रही है, और मंत्री सोशल मीडिया पर व्यस्त हैं। गोड्डा में एक बच्ची की मौत एंबुलेंस नहीं मिलने से हो गई। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने बीडीओ और सीओ पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। कहा, “अगर सुधार नहीं हुआ तो कार्यालय में ताला जड़ देंगे।” भाजपा नेता सुनील हांसदा ने कहा कि प्रखण्ड कार्यालयों में गरीब जनता का शोषण हो रहा है, अधिकारी घूस लेकर ही काम कर रहे हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय ने कहा, “सरकारी विभागों में पोस्टिंग भी घूस से हो रही है। भाजपा सड़क से सदन तक लड़ेगी।” प्रदर्शन में मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष कमल गुप्ता, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सोरेन, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अब्दुल रकीब रहमान समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button