गोड्डा
डीसी ने की जिला परिवहन कार्यालय के कार्यों की समीक्षा बैठक
कहा : हिट एंड रन से संबंधित प्राप्त आवेदनों के आधार पर पीड़ित परिवारों को 90 दिन के भीतर दी जाए मुआवजा की राशि।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला परिवहन कार्यालय के कार्यों की समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा हिट एंड रन के लंबित 14 मामलों में पीडित परिवारों को 90 दिन के भीतर मुआवजा भुगतान करने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डेथ सर्टिफिकेट और अन्य कागजात के लिए पीड़ित परिवारों को कार्यालयों के चक्कर ना लगाना पड़े, इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
बैठक में सड़क सुरक्षा के नियमों का अक्षरशः अनुपालन कराने के साथ ही विगत दिनों में सड़क दुर्घटना के रोकथाम के लिए उपायुक्त के द्वारा कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्य करने के निर्देश दिए गए। वहीं हिट एंड रन तथा गुड सेमेरिटन पॉलिसी का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने तथा हिट एंड रन से संबंधित लंबित मामलों का निपटारा कर पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए गए।
ज्ञात हो कि हिट एंड रन के मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट धारा 161 के अंतर्गत यदि हिट एंड रन में किसी की मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिजनो को दो लाख रुपये का मुआवजा दिया जाता है। इसके अलावा अगर एक्सीडेंट में किसी को गंभीर चोट आती है, तो उसे 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाता है। इसके साथ ही सड़क हादसों में घायल लोगों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले गुड सेमेरिटन को 5 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि देने हेतु संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया गया, साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि ऐसे मददगारों को किसी कानूनी कार्रवाई में ना ही संलिप्त किया जाए। इसकी जानकारी आमलोगों तक प्रचार प्रसार के माध्यम से प्रदान करने के निर्देश दिए गए। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा, बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा, आलोक वरण केसरी, पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर, जेपीएन चौधरी, सिविल सर्जन डॉ० अनंत कुमार झा, जिला परिवहन पदाधिकारी गोड्डा, कंचन कुमारी भुदोलिया, ज्ञानस्थली के निदेशक समीर दुबे सहित कार्यालय कर्मीगण मौजूद थे।



