गोड्डा
परिवहन विभाग के कार्यों की हुई समीक्षा बैठक
- विभिन्न जगहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने का दिया गया निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में परिवहन विभाग के कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक में उपायुक्त के द्वारा जिले के विभिन्न जगहों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस या पदाधिकारी सुनिश्चित करें कि कोई भी वाहन सवार बिना हेल्मेट या सीट बेल्ट के वाहन ना चलाने पाएं। जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया को जिले में निबंधित सभी वाहन चेकिंग का डॉक्यूमेंट रिकॉर्ड जांच करने, सघन जांच अभियान चलाकर पुराने वाहनों की जांच करने, वाहन का प्रदूषण, लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन की जांच करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सड़क दुर्घटना की अद्यतन स्थिति, अतिक्रमण, हिट एंड रन, सड़क जागरुकता कार्यक्रम, यातायात व्यवस्था समेत कई बिंदुओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिया। उपायुक्त के द्वारा जिला खनन पदाधिकारी सन्नी कुमार को माइनिंग क्षेत्र अंतर्गत अवैध परिवहन एवं अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए निदेशित किया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी महागामा, आलोक वरण केसरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा, चंद्रशेखर आजाद, पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर जेपीएन चौधरी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उपसमाहर्ता श्रवन राम, जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया, संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी संबंधित थानों के थाना प्रभारी एवं परिवहन विभाग के कर्मीगण मौजूद थे।



