
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। ग्रीष्मकालीन अवकाश के उपरांत ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय अल्लीपुर जिजमाना, विकास खंड मेरठ से की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने नव नामांकित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, माला पहनाकर एवं हलवा खिलाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद किया और सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे। छात्रों ने राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम सहित अन्य प्रश्नों के उत्तर आत्मविश्वास के साथ दिए। कक्षा 1 के बच्चों ने फलों और सब्जियों के नाम अंग्रेज़ी में बताकर अपनी शैक्षणिक दक्षता प्रदर्शित की। विद्यालय में साफ-सफाई, पुस्तकालय एवं गतिविधि कक्ष की सुव्यवस्थित व्यवस्था को देखकर जिलाधिकारी ने सराहना की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को विद्यालय परिसर के बाहर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने जानकारी दी कि वर्तमान में विद्यालय में कुल 370 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें 197 बालक एवं 173 बालिकाएं हैं। विद्यालय में 09 शिक्षक एवं 01 शिक्षामित्र कार्यरत हैं।
इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश, बीडीओ बृजेश सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. कौसर जहां सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
यह आयोजन छात्रों को विद्यालय से जोड़ने और शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।




