बरेली
54 पुलिसकर्मियों के तबादले, भ्रष्टाचार में फंसे इंस्पेक्टर को भी जिम्मेदारी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। कांवड़ यात्रा और मोहर्रम के संवेदनशील समय में रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात रहे इंस्पेक्टर और दरोगा को एसएसपी अनुराग आर्य ने काम पर लगा दिया है। उन्होंने 54 पुलिसकर्मियों का तबादला पुलिस लाइन से विभिन्न थानों, प्रकोष्ठ में किया है। इसमें 28 इंस्पेक्टर और 26 दरोगा शामिल हैं। फरीदपुर थाने में स्मैक तस्करों से नौ लाख रुपये घूस लेने के आरोपी इंस्पेक्टर रामसेवक सिंह ने हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस लाइन में बहाली करा ली थी। रामसेवक को क्राइम ब्रांच में विवेचना की जिम्मेदारी मिली है।
इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह को प्रभारी डीसीआरबी, डीसीआरबी /सिंगल विंडो/रिट सेल से गिरीश प्रसाद को पुलिस लाइन भेजा गया है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी को प्रभारी रिट सेल/सिंगल विंडो, धर्मेंद्र सिंह को लाइन से प्रभारी मानवाधिकार सेल/जन सूचना सेल बनाया गया है। इसी तरह राजेश कुमार को विशेष जांच प्रकोष्ठ /सीसीटीएनएस की जिम्मेदारी दी गई है। हरपाल सिंह एसएसपी के पीआरओ बनाए गए हैं। चमन सिंह को क्राइम इंस्पेक्टर बनाकर शीशगढ़ थाना भेजा गया है। वहां से शिव बरन को पुलिस लाइन में भेजा गया है।


