
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मोदीनगर। शहर में कांवड़ यात्रा का आगाज गुरुवार को हो गया। नोएडा से आए एक कांवड़िया ने 251 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर मोदीनगर में प्रवेश किया। कांवड़िया के साथ चल रहे ट्रक में साउंड सिस्टम बज रहा था, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर था, लेकिन यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
सड़क के एक हिस्से को घेरे कांवड़ और उसके साथ चल रहे वाहन के चलते पीछे से आने वाले वाहनों को निकलने की जगह नहीं मिली। धीरे-धीरे स्थिति बिगड़ती गई और बस स्टैंड से लेकर गोविंदपुरी तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जाम से बचने के लिए कुछ वाहन चालकों ने विपरीत दिशा में वाहन चलाने शुरू कर दिए, जिससे दूसरी दिशा में भी जाम की स्थिति बन गई। आश्चर्य की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान यातायात पुलिस मौके पर दिखाई नहीं दी। शाम 6 बजे शुरू हुआ जाम देर रात तक लोगों को परेशान करता रहा।



