खैरथल
गरीब को गणेश मान कर काम कर रही है सरकार:भजन लाल शर्मा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा/जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गरीब को गणेश मानकर वंचित वर्ग, किसान, युवा और महिला के साथ ही हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक इन योजनाओं को पहुंचाने के संकल्प के साथ हमारी सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़े के अंतर्गत प्रदेशभर में शिविरों का आयोजन कर रही है शर्मा शुक्रवार को खैरथल-तिजारा के ग्राम असलीमपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पखवाड़े के माध्यम से ग्राम स्तर पर ही किसानों को वर्षों से लंबित राजस्व के विभिन्न प्रकरणों में तुरंत राहत मिल रही है। गांवों में इन शिविरों के माध्यम से पानी, बिजली, स्वच्छता से जुड़े विभिन्न कार्य प्रमुखता से किए जा रहे हैं। वहीं, हर पात्र परिवार तक आयुष्मान कार्ड का वितरण एवं पशुओं का टीकाकरण भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल गरीबी मुक्त गांव योजना के तहत बीपीएल परिवारों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 के बाद गरीब कल्याण की परिभाषा बदलकर उसका जीवन स्तर बेहतर बनाने का काम किया है। उनके नेतृत्व में हमारी सरकार युवा, महिला, किसान, मजदूर के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान बनाने के लिए राज्य सरकार ने राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना जैसी विभिन्न योजनाओं तथा इंदिरा गांधी नहर एवं गंगनहर के माध्यम से किसान और उद्योगों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की है।
वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में मिलेगी बिजली
श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश को बिजली के क्षेत्र में मजबूत बनाकर वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवायी जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में पेपरलीक की घटनाओं से युवा निराश हो गया था, लेकिन हमारी सरकार ने रोजगार के सपने को साकार करते हुए 69 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। वहीं, पांच वर्ष में चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे को भी पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए हैं। इनमें से 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू धरातल उतर चुके हैं। उद्योग की दृष्टि से भिवाड़ी और तिजारा समृद्ध क्षेत्र हैं। इसलिए हमारी सरकार ढाई हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य खैरथल-तिजारा जिले में करवा रही है।
पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल के मुकाबले हमारे डेढ़ साल का कार्य अधिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने डेढ़ वर्ष में पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल के मुकाबले अधिक कार्य किए हैं। पूर्ववर्ती सरकार ने 5 साल में केवल एक लाख 75 हजार स्वामित्व कार्ड का वितरण किया, जबकि हमारी सरकार ने 18 माह में ही साढ़े 9 लाख कार्ड वितरित किए। हमने 3 लाख को कौशल प्रशिक्षण दिया, जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने पांच साल में केवल 2 लाख 35 हजार हजार को दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिजली उत्पादन क्षमता में 4 हजार 270 मेगावाट की वृद्धि की, जबकि गत सरकार 5 वर्षों में 3 हजार 948 मेगावाट ही बढ़ा पाई।
उन्होंने कहा कि तिजारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया गया है। खुशखेड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किया गया है। भिवाड़ी में नवीन पॉलिटेक्निक महाविद्यालय खोलने हेतु स्वीकृति जारी की जा चुकी है। वहीं, तिजारा में कन्या महाविद्यालय खोला जाएगा तथा भिवाडी को क्लीन एंड ग्रीन-इको सिटी बनाएंगे।
जनसभा में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थी श्री रामस्वरूप यादव और श्रीमती कैलाश देवी को सहमति के आधार पर विभाजन का प्रमाण पत्र, श्री रोशन लाल (फार्म पौण्ड योजना), श्रीमती उगनता (तारबंदी योजना), श्री देशराज (ड्रिप फव्वारा संयंत्र), श्रीमती शारदा देवी (मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना) एवं श्री किशनलाल यादव (पीएम सुर्य घर मुफ्त बिजली योजना) को चैक प्रदान किए।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित शिविर का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों की स्टॉल्स पर लाभार्थियो से संवाद किया। इस दौरान उन्होेंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की लाभार्थी को चैक और स्कूल शिक्षा की मेधावी छात्राओं को स्कूटी का वितरण भी किया। उन्होंने सभास्थल पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ तथा ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत पौधारोपण कर आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं सांसद भूपेंद्र यादव वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा, विधायक महंत बाबा बालक नाथ, श्री सुखवन्त सिंह, जिला प्रमुख श्री बलवीर छिल्लर, विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



