अलवर
8 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, ससुर पर छेड़खानी के आरोप — मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अलवर : जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के भीमनगर में गुरुवार सुबह एक 25 वर्षीय 8 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला को घर में रखे कूलर से करंट लग गया, जबकि पीहर पक्ष ने ससुर पर छेड़छाड़ और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान नीलम (25) के रूप में हुई है। नीलम के पति सोनू ने बताया कि गुरुवार सुबह वह बहन से मिलकर लौटे थे और कुछ देर बाद सब्जी लेने बाजार चले गए। पीछे नीलम घर में अकेली थी। जब लौटे तो मोहल्ले के लोग उसे कूलर से करंट लगने की बात कहते हुए हाथ-पैर रगड़ रहे थे। इसके बाद उसे सानिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने वहां नीलम को मृत घोषित कर दिया।
नीलम की डेढ़ वर्ष पूर्व सोनू से शादी हुई थी। इससे पहले उसका तलाक हो चुका था और वह अपने पहले पति से हुए 5 साल के बेटे के साथ यहां रह रही थी। अब वह आठ माह की गर्भवती थी।
मृतका के भाई बिजेंद्र ने आरोप लगाया कि नीलम का ससुर घोटा राम उस पर कई बार अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ कर चुका था। नीलम इससे मानसिक रूप से परेशान थी। उन्होंने यह भी बताया कि पहले फोन पर उन्हें कहा गया कि करंट लगने की घटना राजगढ़ में हुई, लेकिन बाद में लोकेशन बदलकर अलवर बताया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।



