अमरोहा
गजरौला में नकली दूध-पनीर का कारखाना पकड़ा
खाद्य विभाग और पुलिस की छापेमारी में 6 कुंतल दूध और 60 किलो पनीर जब्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : गजरौला में नकली दूध और पनीर के निर्माण का भंडाफोड़ हुआ है। खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को छापेमारी की। टीम को मौके से 6 कुंतल नकली दूध और 60 किलो नकली पनीर बरामद हुआ।
खाद्य आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में फाजलपुर फाटक के पास तेवा फैक्ट्री के सामने स्थित एक डेयरी का भंडाफोड़ किया गया। यह डेयरी गांव मोहरका पट्टी निवासी इरफान द्वारा संचालित की जा रही थी।
छापेमारी के दौरान टीम को दूध और पनीर के अलावा क्रीम और रिफाइंड भी मिला। खाद्य विभाग की टीम ने सभी उत्पादों के नमूने लिए। नकली दूध को मौके पर ही नाले में बहा दिया गया। पनीर को भी नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में यह पहला मामला नहीं है। गजरौला में नकली दूध और पनीर का उत्पादन पहले भी पकड़ा जा चुका है। विभाग की पिछली कार्रवाइयों के बावजूद यह धंधा फिर से शुरू हो जाता है। खाद्य विभाग अब इस मामले में वैधानिक कार्रवाई करेगा।


