
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। देव शयनी एकादशी के पावन अवसर पर मुलताई के सोनोली धाम स्थित श्याम बाबा के मंदिर में भव्य कीर्तन संध्या का आयोजन हुआ, जहां कोलकाता के अलौकिक श्रृंगार में सजे बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भजन, भक्ति और भव्यता का ऐसा संगम देखने को मिला कि हर भक्त की आंखें श्रद्धा से छलक उठीं। इस अवसर पर मंदिर को कोलकाता से मंगवाए गए अलौकिक दिव्य श्रृंगार से सजाया गया। श्रृंगार अत्यंत मनोहारी था।
बैतूल जिले का यह पहला बाबा श्याम का मंदिर है, जहां हर एकादशी को नियमित रूप से भव्य कीर्तन और भजन संध्या का आयोजन होता है। भजन संध्या में शैलेंद्र डोंगरे, बिंदेश मासोदकर, दीक्षा मासोदकर, अनुष्का विश्वकर्मा, मनु बंदेवार, पिंकी यादव और रिंकी यादव ने बाबा श्याम के भजनों की दिव्य प्रस्तुति देकर उपस्थित भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन संध्या की हर एक प्रस्तुति पर भक्तों ने तालियों और जयकारों से वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। मंदिर समिति के सदस्यों और सेवकों द्वारा इस आयोजन की पूरी तैयारी की गई थी। मंदिर के सेवक विक्की मित्तल एवं उनका परिवार हर एकादशी पर पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ बाबा श्याम का कीर्तन करते हैं।



