जालौन
गुरु पूर्णिमा पर SR पब्लिक स्कूल में श्रद्धा और संस्कारों की गूंज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
उरई। कालपी रोड स्थित एसआर पब्लिक स्कूल में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व उल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए गुरु महत्त्व को समझा और सम्मान अर्पित किया।
प्रार्थना सभा में विद्यालय प्रबंधक श्री अशोक कुमार राठौर ने बच्चों को शिक्षकों के प्रति श्रद्धा और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय भले ही अंग्रेजी माध्यम का हो, लेकिन संस्कार और नैतिक शिक्षा यहां की पहचान हैं।
प्रधानाचार्य श्रीमती रश्मि शुक्ला ने विद्यार्थियों को अपने प्रथम गुरु माता-पिता का आभार प्रकट करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुरु और अभिभावक सदैव शिष्यों में सद्गुण और नैतिकता का विकास चाहते हैं।
इस अवसर पर सभी कक्षाओं में छात्रों ने शिक्षकों का अभिनंदन कर यह संकल्प लिया कि वे शिक्षा को समर्पण के साथ ग्रहण करेंगे और किसी भी बुरे प्रभाव से दूर रहेंगे।
कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य श्री राघव गुप्ता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं और आयोजन को सफल बनाया।


