बरेली
मलूकपुर जुग्गनवाली गली में डायरिया का प्रकोप, पानी की होगी जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। दस्तक अभियान के तहत लगे शिविर में किला के जुग्गनवाली गली में डायरिया के लक्षण वाले कई मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सोमवार को आईडीएसपी की टीम ने मंडलीय सर्विलांस अधिकारी के निर्देशन में वहां निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों से बातचीत के बाद टीम ने अपनी रिपोर्ट सीएमओ को दी। सीएमओ ने नगर निगम जलकल विभाग को पत्र भेजकर इलाके में हो रही पेयजल आपूर्ति की जांच कराने को कहा है। जुग्गनवाली गली में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से चिकित्सा शिविर लगाया गया था। शिविर में दर्जन भर लोग डायरिया पीड़ित मिले थे। साथ ही कई लोगों में डायरिया के लक्षण मिले थे।
इसके बाद मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. अखिलेश्वर सिंह, एपिडेमियोलाजिस्ट डॉ. मीसम अब्बास के साथ आईडीएसपी यूनिट इलाके में पहुंची। वहां लोगों ने बताया कि अधिकांश घरों में नगर निगम की तरफ से सप्लाई होने वाले पेयजल की आपूर्ति है और लोग वही पानी पी रहे हैं। टीम ने अपनी रिपोर्ट सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह को दी। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने जलकल विभाग के महाप्रबंधक को पत्र लिखा है कि डायरिया बीमारी के बढ़ रहे प्रसार को देखते हुए इलाके में पेयजल आपूर्ति की ओटी और एचटूएस की जांच जरूरी है।



