अलवर
PWD का ‘सुस्मा अभियान’
रक्षा बंधन पर बहनों से भाइयों को मिलेगा सुरक्षा का तोहफा, ISI मार्का हेलमेट होंगे महज 300 रुपये में — सड़क सुरक्षा के लिए अनोखी पहल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अलवर : राजस्थान में सड़क सुरक्षा को लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा ‘सुस्मा अभियान – सुरक्षित सड़क मार्ग अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। मंगलवार को अलवर के नगर बगीची स्थित स्काउट एंड गाइड कार्यालय में डाइट के बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान PWD जूनियर रेंज अधिकारी अक्षिता सोनी ने बताया कि इस बार रक्षा बंधन पर विभाग एक खास पहल करने जा रहा है। भाई-बहन के रिश्ते को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एक दिन पहले ISI मार्का स्टील हेलमेट वितरित किए जाएंगे। बहन अपने भाई को राखी बांधने के साथ हेलमेट भेंट कर उसकी सुरक्षा की कामना करेगी, वहीं भाई भी अपनी बहन को उपहार के साथ एक हेलमेट गिफ्ट करेगा ताकि दोनों ही दोपहिया वाहन चलाते समय सुरक्षित रहें।
अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा संकेतों की पहचान, नियमों का पालन और दुर्घटना के समय प्राथमिक सहायता की जानकारी दी जा रही है। अभी तक अलवर जिले में 100 से अधिक लोगों ने इस अभियान के तहत रजिस्ट्रेशन करवाया है।
PWD द्वारा इन हेलमेट्स को महज ₹300 में उपलब्ध कराया जा रहा है जबकि इनकी बाजार कीमत ₹1500 तक होती है। विभाग विभिन्न लोकेशनों और NGO के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है, जिसे आगे स्कूल-कॉलेज स्तर तक बढ़ाया जाएगा। यह राज्यभर में संचालित एक महत्वाकांक्षी और उपयोगी अभियान है जो आमजन को सड़क सुरक्षा की ओर प्रेरित करता है।



