अलवर
अपहरण और फिरौती मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो भी बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
अलवर : शहर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र में हुए अपहरण और फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए अपहृत युवक को मुक्त कराया और चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी बरामद किया है। घटना की जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी डॉ. तेजपाल सिंह ने बताया कि 14 जुलाई को बाला डेहरा निवासी एक युवक को अज्ञात बदमाश बोलेरो गाड़ी में जबरन उठाकर ले गए थे। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक की तलाश शुरू की। जांच में बोलेरो की पहचान सीसीटीवी फुटेज से की गई और उसे हरियाणा में ट्रेस किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को छुड़ाकर चारों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो आरोपी थाना मातौर खैरथल और दो थाना करवड़, जिला बूंदी के निवासी हैं। पुलिस टीम का नेतृत्व थानाधिकारी विजय मंदिर बृजेश सिंह तंवर ने किया। जिसमें साइबर सेल और तकनीकी शाखा का विशेष सहयोग रहा। पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए पूरी तत्परता से कार्रवाई कर बदमाशों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।



