जयपुर

बारिश बनी आफत, जन जीवन अस्त-व्यस्त, मकान डूबे, बिजली गुल

अगले 24 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जयपुर। राजस्थान में मानसून के तीव्र सिस्टम ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम के डिप्रेशन में बदलने के बाद अजमेर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग सहित राज्य के 23 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें से 6 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। शुक्रवार सुबह से अजमेर और पुष्कर में मूसलाधार बारिश हो रही थी, जिसके चलते अजमेर कलेक्टर लोकबंधु ने जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी के आदेश जारी किये।
पुष्कर में जलप्रलय जैसे हालात, बिजली गुल, हजारों मकानों में घुसा पानी
पुष्कर शहर में हुई तेज बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर के वराह घाट, नरसिंह घाट, माली मोहल्ला, मिश्रा मोहल्ला, सावित्री रोड, पुराना गंजी मंदिर क्षेत्र और गुरुद्वारा रोड पूरी तरह जलमग्न हो गए। मुख्य बाजारों में पानी भर जाने से घर, दुकानें, होटल और धर्मशालाएं जलमग्न हो गईं। सड़कों पर वाहन तैरते दिखे। प्रशासन के अनुसार डूब क्षेत्र में स्थित 100 से ज्यादा होटल और करीब 1000 रिहायशी मकान बाढ़ की चपेट में आ गए। कई इलाकों में बिजली और संचार सेवाएं भी बाधित हुई।
बालोतरा में बारिश बनी उत्सव, ढोल-नगाड़ों से नदी का स्वागत
जोधपुर के बालोतरा क्षेत्र में बारिश से लूणी नदी उफान पर आ गई। नदी में जलधारा पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने परंपरा अनुसार ढोल-नगाड़ों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नदी का स्वागत किया। सराणा, जानियाना और बिठूजा गांव में लोगों ने नदी में चुनरी ओढ़ाई, नारियल चढ़ाया और मंगल गीत गाए। यह पिछले पांच साल में तीसरी बार है जब लूणी नदी अपने पूरे उफान पर पहुंची है।
सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में तेज बारिश
सीकर में शुक्रवार सुबह करीब 20 मिनट तक तेज बरसात हुई, जिससे नवलगढ़ रोड और लोहारू बस स्टैंड क्षेत्र में जलभराव हो गया। हनुमानगढ़ के पीलीबंगा में 110MM, भादरा में 66MM, पाली के जैतारण में 50MM, फलोदी के पास आऊ में 89MM, बारां के अटरू में 79MM और बीकानेर के जसरासर में 67MM बारिश दर्ज की गई।
अन्य बारिश प्रभावित क्षेत्रों में दौसा के निर्झरना में 83MM, झालावाड़ के झालरापाटन में 49MM, झुंझुनूं के मंडाना में 75MM, करौली के कुडगांव में 73MM, कोटा के सांगोद में 97MM और राजसमंद के देवगढ़ में 42MM बरसात हुई है।
बीसलपुर डैम 78% से ज्यादा भरा, पानी की आवक जारी
टोंक जिले में स्थित बीसलपुर बांध में भी पानी की जोरदार आवक बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में 4 सेंटीमीटर पानी बढ़ने से अब बांध का जलस्तर 314.32 आरएल मीटर पहुंच गया है। इसमें कुल 30.497 टीएमसी पानी भर चुका है, जो डैम की कुल क्षमता का 78.77 प्रतिशत है।
अगले 24 घंटे भारी, रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी 
राजस्थान के कई जिलों के लिए अगले 24 घंटे भारी साबित होने वाले हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के विभिन्न जिलों में गरज चमक के साथ भारी से ज्यादा भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कल यानी 19 जुलाई को भी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के अजमेर, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, राजसमंद, टोंक, नागौर और पाली जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी से ज्यादा भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही चित्तौड़गढ़, डुंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़, सवाई-माधोपुर, सिरोही, उदयपुर, जालौर और जोधपुर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button