नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लातेहार (झा०खं०)। सांसद ,चतरा कालीचरण सिंह के द्वारा लातेहार प्रखण्ड के नेगाई गांव में “एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS)” का उद्घाटन किया गया। इस दौरान माननीय सांसद ,चतरा कालीचरण सिंह, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी व बच्चों के द्वारा दीप प्रज्वलित कर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का 2025-26 सत्र का शुभारम्भ किया गया। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा इस विद्यालय का पठन-पाठन कार्य का शुभारम्भ किया गया। इसके निमित विद्यालय भवन एवं छात्रावास भवन का उद्घाटन किया गया।समारोह में विद्यार्थियों ने परंपरागत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर माननीय सांसद ने कहा कि इस विद्यालय के माध्यम से जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा, जिससे उनका समग्र विकास संभव होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, अनुशासित रहने और मेहनत को अपना मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की स्थापना की गई है। संविधान के अनुच्छेद 275 (1) मद के तहत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, नेगाई, लातेहार का निर्माण कार्य राज्य सरकार द्वारा कराया गया है। विद्यालय का सत्र 2025-26 से प्रारम्भ हो रहा है, जिसमें वर्ग-VI से XII तक अनुसूचित जनजाति के कुल-480 (चार सौ अस्सी) छात्र/छात्राऐं अध्ययनरत रहेंगे, जिन्हें निःशुल्क सारी सुविधा उपलब्ध कराया जायेगा। यह विद्यालय CBSE Board अन्तर्गत संचालित है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति के छात्र/छात्राओं को उत्कृष्ट आवासीय शिक्षा देना है। इस विद्यालय में भारत सरकार द्वारा 02 (दो) शिक्षक पदस्थापित किये गये हैं। जिला प्रशासन द्वारा 06 (छः) अतिथि शिक्षक नियुक्त किये गये हैं। विद्यालय का शैक्षणिक सत्र 2025-26 में वर्ग-VI, VII एवं VIII में 76 बालक एवं 84 बालिकाओं का नामांकन किया गया है, जिनकी कुल संख्या-160 है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नामांकित कक्षा 6, 7 एवं 8 के छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, यूनिफॉर्म का वितरण किया गया।
मौके पर माननीय सांसद महोदय, उपायुक्त के द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अल्का हेंब्रम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम कुमार साहू, जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



