अमरोहा
अमरोहा में दो ट्रैक्टर रस्सी से बांधकर खींचे
एक युवक ने गंगा में चलाया ट्रैक्टर; स्टंटबाजी पर पुलिस जांच शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हसनपुर : कोतवाली क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा किए गए खतरनाक स्टंट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में दो ट्रैक्टरों को रस्सी से बांधकर एक-दूसरे को खींचने का प्रयास किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। दूसरी घटना में एक युवक ने गंगा नदी में ट्रैक्टर चलाया। यह घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव धोरिया की बताई जा रही है। स्टंट करने वाले युवकों ने यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना की। सोशल मीडिया पर फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए युवक इस तरह के खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत ने इस मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि वीडियो की जांच की जाएगी। जांच के बाद स्टंटबाजी करने वाले ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस तरह के स्टंट से बड़ा हादसा हो सकता था। गंगा में ट्रैक्टर चलाने से चालक की जान को भी खतरा था।


