अमरोहा
65 किलोमीटर दूर प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक
ग्रामीणों ने पकड़ा, मंदिर में कराई शादी, 5 साल से चल रहा था अफेयर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद के आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव शीतला सराय में एक रोचक घटना सामने आई। गजरौला थाना क्षेत्र के गांव शीशोवाली निवासी 22 वर्षीय प्रेम सिंह उर्फ लाला अपने गांव से 65 किलोमीटर दूर बाइक पर सवार होकर अपनी प्रेमिका सावित्री से मिलने पहुंचा।
बुधवार को प्रेम सिंह अपनी प्रेमिका को आदमपुर में शिव मंदिर पर लगने वाले सावन माह की शिवरात्रि के मेले पर ले गया। देर रात जब वह प्रेमिका को छोड़कर जाने लगा, तब ग्रामीणों और परिजनों ने उसे पकड़ लिया और घर ले आए। सूचना मिलते ही प्रेमी के परिजन भी प्रेमिका के गांव पहुंच गए। गुरुवार को गांव में पंचायत बैठी जो करीब ढाई घंटे तक चली। पंचायत में यह तय हुआ कि प्रेमी की शादी प्रेमिका से कराई जाएगी। प्रेमी के परिजन और प्रेमी इस फैसले से सहमत हो गए। पूरे गांव के सामने गांव में स्थित शिव मंदिर पर पूरे रीति-रिवाज के अनुसार फेरे कराए गए। प्रेमी और प्रेमिका दोनों एक ही बिरादरी के हैं। ग्रामीणों के अनुसार, प्रेमिका की बहन की शादी 5 साल पहले प्रेमी के गांव के एक युवक से हुई थी। उसी शादी में प्रेमी बारात में आया था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। तब से दोनों चुपके-चुपके मिलते रहते थे। आदमपुर थाना अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह ने बताया कि यह मामला उनकी जानकारी में नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई तहरीर प्राप्त होती है तो कार्यवाही की जाएगी।



