अलवर
अलवर में छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, जयपुर तक पैदल यात्रा शुरू
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर जिले के छात्र लामबंद हो गए हैं। गुरुवार को अलवर के जेल सर्किल से बाबू शोभाराम सरकारी कॉलेज तक छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली। इसके बाद रैली आर्ट्स कॉलेज पहुंची, जहां छात्रों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कॉलेज प्राचार्य को सौंपा। ज्ञापन सौंपने के बाद छात्रों ने सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करते हुए जयपुर की ओर पैदल यात्रा शुरू कर दी। छात्र नेताओं अंकित गुर्जर और विनोद ने कहा कि छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर भाजपा सरकार लगातार चुप्पी साधे हुए है, जिससे छात्रों में भारी नाराजगी है। उन्होंने बताया कि अब तक कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं और कई बार शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन सरकार ने इस गंभीर मुद्दे पर कोई ध्यान नहीं दिया। आक्रोशित छात्रों ने अब जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने का निर्णय लिया है। छात्र नेताओं ने बताया कि वे अलवर से जयपुर तक पैदल यात्रा करेंगे और मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे। इस पैदल यात्रा में करीब 30 से 35 छात्र शामिल हैं, जो रास्ते में अन्य छात्रों को भी जोड़ने का प्रयास करेंगे। छात्रों का कहना है कि जब तक सरकार छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।




