ललितपुर
नयागांव में अवैध शराब का आतंक
महिलाओं ने दबंगों पर ग्रामीणों को जबरन शराब सेवन कराने का लगाया आरोप

जाखलौन पुलिस पर कार्यवाही न करने का आरोप, डीएम को भेजा शिकायती पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जाखलौन थानान्तर्गत ग्राम नयागांव में दबंगों के संरक्षण में खुलेआम बेची जा रही अवैध शराब जैसे गंभीर आरोप लगाते हुये महिलाओं ने लामबंद होकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने डीएम के नाम एक ज्ञापन भेजकर जल्द ही प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कर कार्यवाही किये जाने की गुहार लगायी है। ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि नयागांव में दबंगों ने सांठगांठ कर पूरे गांव में अवैध शराब बेचने का गोरखधंधा खोल रखा है। विरोध करने पर आये दिन विवाद, झगड़ा-फसाद और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जाती हैं। महिलाओं का आरोप है कि उक्त लोग गांव के लोगों व उनके परिजनों को जबरन शराब पिलाते हैं, जिससे महिलाओं के परिवार टूटने की कगार पर आ पहुंचे हैं। वहीं बच्चों का भविष्य भी अंधकारमय होता जा रहा है। गंभीर आरोप है कि नागालिग बच्चों को भी जबरन शराब पिलाकर उन्हें नशे का आदि बनाया जा रहा है और बच्चे नशे की लत लगने के कारण घर से गेंहू व अन्य सामान बेचकर शराब का सेवन कर रहे हैं। बच्चों या बड़ों को शराब का सेवन करने से मना करने पर आये दिन महिलाओं से मारपीट की जाती है और घर से निकालने की धमकी दी जाती हैं, जिससे महिलाओं के परिवार टूटने और बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गये हैं। इतना ही नहीं महिलाओं का आरोप है कि जाखलौन थाने में भी इस प्रकरण को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। लेकिन महिलाओं का आरोप है कि पुलिस कार्यवाही न करते हुये उल्टा महिलाओं को ही गालियां देते हुये धमका दिया जा रहा है। इन सभी कारणों के चलते गांव का माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं ने जिलाधिकारी से प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करायी जाकर शराब बेचने वाले और शराब बेचने में सहयोग करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही किये जाने की गुहार लगायी है। ज्ञापन देते समय हरीबाई लोधी, सपना, ऊषा, रेखा, गुडडी, धनुषकुमारी, देवा, सकुन्तला, मीरा, बसन्ती, किरन, दिलकुंवर, राजवती, किरन, गुडडी, माया के अलावा अनेकों महिलाएं मौजूद रहीं।