अमरोहा
मुख्यमंत्री कर सकते हैं हसनपुर तहसील का लोकार्पण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद कि हसनपुर का नवनिर्मित तहसील भवन बुधवार को आमजन को समर्पित हो सकता है। मुरादाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान तहसील भवन का वर्चुअल रूप से लोकार्पण कर सकते हैं।हसनपुर में नई तहसील का निर्माण गांव करनपुर माफी में कराया गया है। कार्यदायी संस्था वीजा इंजीनियरिंग एंड प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 25 जून 2021 को इसका निर्माण कार्य शुरू किया था। नई तहसील का निर्माण कार्य लगभग 9.50 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। नवनिर्मित तहसील भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और इसके शुरू होने से नागरिकों को विभिन्न राजस्व संबंधित कार्यों के लिए बेहतर और सुगम सेवाएं मिल सकेंगी।इस भवन के बनने से नागरिकों को विभिन्न प्रमाणपत्र, खसरा-खतौनी, राजस्व संबंधी मामले और अन्य सरकारी कार्यों के लिए एक ही स्थान पर बेहतर सेवाएं मिलेंगी। उम्मीद है कि इससे लोगों को होने वाली असुविधा कम होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। लगभग एक साल पहले हसनपुर तहसील का निर्माण पूरा हो चुका है। एक साल से ही इसके लोकार्पण का इंतजार किया जा रहा है लेकिन अब यह इंतजार पूरा हो सकता है। मुरादाबाद में आज प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी के दौरे के दौरान होने वाली कई परियोजनाओं के लोकार्पण में हसनपुर तहसील भवन का नाम भी शामिल किया जा सकता है। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में जो सूचनाएं मांगी गई थी, वह भेज दी गई है।फिलहाल मंडी समिति में हो रहा तहसील का संचालन हसनपुर में फिलहाल तहसील का संचालन अस्थाई रूप से मंडी समिति में किया जा रहा है। लेकिन यहां जगह कम व भवन पुराने होने के कारण जनता को ठीक से सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं हैं। नए भवन में तहसील के स्थानांतरित होने के बाद लोगों को और भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।



