ललितपुर
एसपी ने फॉरेन्सिक वैन को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
साप्ताहिक परेड़ की सलामी लेकर किया निरीक्षण, दिये निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। शुक्रवार को स्थानीय पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने साप्ताहिक परेड की सलामी ली, तदोपरान्त एसपी ने परेड का सूक्ष्मता से निरीक्षण करते हुये पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश जारी किये। इस दौरान एसपी ने फॉरेन्सिक वैन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। एसपी ने रिक्रूट आरक्षियों का अनुशासन, ड्रिल, शारीरिक क्षमता, वर्दी आदि का निरीक्षण भी किया। तत्पश्चात रिजर्व पुलिस लाइन्स में स्थित क्वार्टर गार्द, स्टोर, आर्मरी, कैन्टीन, सीसीटीवी कन्ट्रोल रुम एवं पुलिस लाइन की विभिन्न मदों का निरीक्षण कर सम्बन्धित को साफ-सफाई व उचित रख-रखाव के लिए निर्देश दिये। एसपी मो.मुश्ताक ने मेस का निरीक्षण कर साफ-सफाई रखने, खाने की उच्च गुणवत्ता रखने व मौसमी सब्जियां इस्तेमाल करने हेतु सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने यू.पी.-112 के पीआरवी वाहनों को चेक कर पीआरवी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वर्दी, अनुशासन व जनता के प्रति शिष्टतापूर्वक व्यवहार करना एवं कॉल रिस्पांस टाइम कम से कम करें। मौके पर एसपी मो.मुश्ताक ने आधुनिक मोबाइल फोरेंसिक वैन को हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया, जिससे जनपद में अपराधों की रोकथाम एवं विवेचना और अधिक त्वरित, सटीक एवं प्रभावी रूप से की जा सकेगी। आदेश कक्ष में अर्दली रुम के दौरान एसपी के समक्ष पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा प्रेषित किये गये प्रशिक्षण रजिस्टर, रिजर्व पुलिस लाइन्स की विभिन्न मदों के रजिस्टरों का सूक्ष्मता से अवलोकन कर संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से उनकी समस्याओं को सुनकर, सम्बन्धित को अविलम्ब निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी महरौनी आशीष मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चन्द्र के अलावा अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।