गोड्डा

गैस पाइप लीक से लगी आग, बाल-बाल बचे रामदुलार दास

सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, अस्पताल में प्राथमिक उपचार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पथरगामा। पथरगामा प्रखंड के चिलकारा गांव में एक बड़ा हादसा टल गया है। बताया जाता है कि गैस सिलेंडर लीक होने के कारण आग लग गई। इसमें उपेंद्र दास के 25 वर्षीय पुत्र रामदुलार दास झुलस गया। लेकिन समय रहते उनकी सूझबूझ से बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना उस समय हुई जब रामदुलार दास अपने घर में नया गैस सिलेंडर लगाने का प्रयास कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, घर में पुराना गैस सिलेंडर खत्म हो चुका था और भोजन में देरी होने की वजह से उनकी पत्नी ने लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान रामदुलार गैस सिलेंडर चालू करने लगे। चूल्हे की आग के पास गैस का नोब खोलते ही अचानक आग की लपटों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग बुझाई और घायल रामदुलार को तुरंत पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉ. अंकिता काजोल ने प्राथमिक उपचार किया। इस संबंध में रामदुलार दास ने बताया कि जैसे ही उन्हें आग का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत गैस को बंद किया और घर से बाहर की ओर भाग गए। इस त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल रामदुलार दास घर पर है। शरीर में जलन की शिकायत के कारण वे काफी परेशान हैं, लेकिन खतरे से बच जाने से परिजन राहत की सांस ले रहे हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button