
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
हापुड़ – हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत साइलो चौकी के निकट मेरठ रोड पर एक मनचले को स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ करना भारी पड़ गया. छात्रा के शोर मचाने पर मौके पर इकठ्ठी हुई भीड़ ने मनचले को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई करनी शुरू कर दी. वायरल हो रही वीडियो में देखा जा रहा है कि राहगीर मनचले की पिटाई न सिर्फ लात-घूसों से कर रहे हैं, बल्कि उसमें हैलमेट भी जमकर मार रहे हैं. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मनचले युवक को अपनी हिरासत में ले लिया और उसे कोतवाली ले गई ।
जानकारी के अनुसार मेरठ रोड पर रहने वाली एक छात्रा मेरठ में कोचिंग पढ़कर वापस अपने घर की ओर जा रही थी. बताया जा रहा है कि जैसे ही छात्रा साइलो चौकी के निकट पहुंची, तभी एक ई-रिक्शा चालक ने उसके साथ अश्लील फब्तियां कसते हुए छेड़छाड़ कर दी. रिक्शा चालक युवक की इस घिनौनी हरकत के बाद छात्रा ने सड़क पर ही शोर मचा दिया. जिसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ इकठ्ठी हो गई. राहगीरों ने मनचले की इस हरकत के बाद उसकी जमकर पिटाई करनी शुरू कर दी. युवक की पिटाई किये जाने की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अपनी हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गई ।




