गोड्डा
गोड्डा में संगठन सृजन अभियान के तहत बैठकों का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। संगठन सृजन अभियान के पांचवे दिन कई महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। पहली बैठक महागामा उर्जानगर स्थित राजमहल हाउस में कुछ कांग्रेसजनों और अन्य लोगों के साथ हुई। दूसरी बैठक मेहरमा प्रखंड के हटिया रोड स्थित विवाह भवन में और तीसरी बैठक प्रखंड कार्यालय महागामा में जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों की उपस्थिति में संगठन सभा के रूप में आयोजित की गई।इस अवसर पर राष्ट्रीय पर्यवेक्षक रामचंद्र घुटिया, झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री एवं महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रभारी श्यामल किशोर सिंह, जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, प्रखंड, मंडल एवं बूथ कमेटी के सदस्य, सैकड़ों कार्यकर्ता तथा जिला अध्यक्ष पद के उम्मीदवार उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री घुटिया ने कहा कि संगठन सृजन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और स्पष्ट है। प्रत्येक व्यक्ति से राय ली जा रही है और यह रायशुमारी ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर जिला अध्यक्ष का चयन होगा। इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं है।उन्होंने बताया कि देर शाम एक बूथ का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें जिलाध्यक्ष के लिए अच्छे प्रस्ताव और जमीनी हकीकत सामने आई। इसकी रिपोर्ट तैयार कर एआईसीसी को भेज दी गई है।इस मौके पर जिला सोशल मीडिया चेयरमैन इफ्तेखार अंसारी और जिला प्रवक्ता बोलबम कुमार मंडल सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।



