अमरोहा
मुरादाबाद क्राइम ब्रांच टीम पर हमला
अमरोहा में जांच के दौरान आरोपियों ने छोड़े कुत्ते, छीनी सीढ़ी; डेढ़ करोड़ की चोरी का मामला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद क्राइम ब्रांच की टीम को अमरोहा के डिडौली में जांच के दौरान विरोध का सामना करना पड़ा। डेढ़ करोड़ रुपये की चोरी के मामले में जांच कर रही टीम जब घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंची, तो आरोपियों के कर्मचारियों ने उन पर कुत्ते छोड़ दिए।
मामला मुरादाबाद के लाजपतनगर निवासी कारोबारी वसीम और बासित अली से जुड़ा है। उन्होंने अजीम, अब्दुल रब, अब्दुल हई और अब्दुल सुबूर के खिलाफ डिडौली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इन लोगों ने उनके घर का ताला तोड़कर जेवर, जरूरी कागजात और लाइसेंसी पिस्टल चोरी कर ली।शुरुआत में जांच अमरोहा पुलिस कर रही थी। बाद में डीआईजी के आदेश पर मामला मुरादाबाद क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर अभितेंद्र सिंह जब वादी के साथ फैक्ट्री का निरीक्षण करने पहुंचे, तो उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया।पुलिस ने जब सीढ़ी के जरिए अंदर जाने का प्रयास किया तो आरोपियों के कर्मचारियों ने सीढ़ी छीन ली और टीम पर कुत्ते छोड़ दिए। आरोपियों ने डायल 112 को भी सूचना दे दी। हालात को देखते हुए अमरोहा से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। अंधेरा होने के कारण क्राइम ब्रांच की टीम बिना निरीक्षण किए वापस लौट गई।डिडौली थाना प्रभारी का कहना है कि मुरादाबाद पुलिस टीम को सहयोग के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराया गया था, लेकिन कुत्ते छोड़ने की घटना उनकी जानकारी में नहीं है।



