गोड्डा
ज्ञान चरित्र और सेवा के त्रिसूत्रीय मंत्र को आत्मसात करें – अंजली यादव
उपायुक्त ,गोड्डा के द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राइमरी सेक्शन के छात्र एवं छात्राओं को उनके करियर के प्रति किया गया जागरूक।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राइमरी सेक्शन के कक्षा 3 से 5 के छात्र एवं छात्राओं के द्वारा समाहरणालय के विभिन्न कार्यालयों का भ्रमण कर प्रशासनिक कार्य व्यवस्था, शैक्षणिक व्यवस्था एवं फायर फाइटिंग की जानकारी प्राप्त की गई।
भ्रमण के दौरान छात्र एवं छात्राओं के द्वारा उपायुक्त के कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त , गोड्डा अंजली यादव से मुलाकात की गई। मुलाकात के दौरान उपायुक्त के द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी गई । उन्होंने छात्र एवं छात्राओं से उनके जीवन के प्रति उद्देश्य एवं इच्छा के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें प्रेरित किया गया। मुलाकात के क्रम उपायुक्त के द्वारा गणित से संबंधित प्रश्न पूछ कर छात्र एवं छात्राओं के स्किल टेस्ट की जांच की गई। साथ ही साथ विभिन्न खेल गतिविधियों ,के माध्यम से उन्हें प्रोत्साहित किया गया अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों से कहा कि आप सभी विद्यार्थियों को मैं यह संदेश देना चाहती हूँ कि अपने सपनों को साकार करने के लिए कठोर परिश्रम, अनुशासन और आत्म-विश्वास को अपना साथी बनाइए। हर चुनौती आपके लिए एक अवसर है, और हर असफलता सीखने की एक सीढ़ी। आप अपने दृढ़ इच्छा शक्ति से जो भी बनना चाहते हैं उसे हासिल कर सकते हैं। शिक्षकों से अपेक्षा करती हूँ कि वे विद्यार्थियों के जीवन को मूल्यवान और अर्थपूर्ण बनाने में अपनी भूमिका को दृढ़ता से निभाएँ। अभिभावकों से अनुरोध है कि वे विद्यालय के साथ मिलकर एक सशक्त भविष्य निर्माण में सहयोग करें तथा भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को आत्मसात करते हुए आधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना सिखाए।हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारे विद्यालय “ज्ञान, चरित्र और सेवा” के त्रिसूत्रीय मंत्र को आत्मसात करें और एक ऐसे भारत के निर्माण में योगदान दें जो शिक्षित, सशक्त और समृद्ध हो।
आइए, हम सब मिलकर एक ऐसे शैक्षिक वातावरण का निर्माण करें जहाँ प्रत्येक विद्यार्थी स्वाभिमानी, सक्षम और संवेदनशील नागरिक बनकर राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान दे सके।
मौके पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के शिक्षकगण प्रदीप प्रजापति ,सोहन गोड, सुप्रिया प्रजापति , आकांक्षा कुमारी एवं अंजली कुमारी सहित डीएमएफटी की टीम मौजूद रहे।



