खेत जा रहे युवक पर हमला, तोड़ा दांत, रिपोर्ट दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के गांव पंजीठ में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत पर जा रहे एक युवक को रास्ते में रोककर दबंगों ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसका दांत टूट गया और वह घायल हो गया। पीड़ित काबिल पुत्र हकीमू निवासी ग्राम पंजीठ ने कोतवाली कैराना में दी तहरीर में बताया कि गत 29 मार्च की शाम करीब छह बजे वह अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान बच्चों के बीच हुई कहासुनी को लेकर गांव के ही जुनेद और नवेद पुत्रगण मुनशाद ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौच करते हुए अचानक हमला कर दिया और लाठी-डंडों से मारपीट की। इस हमले में पीड़ित का एक दांत टूट गया, जबकि कंधे पर भी गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल पीड़ित का इलाज जारी है। पीड़ित ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित की नामजद तहरीर के आधार पर सम्बंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली हैं। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

