गन्ने के खेत में मिला अधजला शव पास में मिली जली हुई बाइक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हसनपुर, अमरोहा : हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव दीपपुर के जंगल में रविवार सुबह गन्ने के खेत में एक युवक का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव से करीब पांच मीटर की दूरी पर जली हुई मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
दीपपुर निवासी सौविंद्र सुबह खेत पर पहुंचे थे। नलकूप के पास जली हुई बाइक देखकर उन्होंने आसपास तलाश की। कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में एक युवक का अधजला शव पड़ा मिला। घटनास्थल के आसपास खून के निशान भी मिले। पुलिस ने मौके से शराब के पाउच बरामद किए हैं। वहीं, करीब 200 मीटर दूर एक मोबाइल फोन भी मिला।
सूचना पर एसपी लक्ष्मण सिंह यादव, एएसपी अखिलेश भदौरिया, सीओ पंकज कुमार त्यागी और हसनपुर कोतवाल राजेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कई घंटे की जांच के बाद पुलिस ने जली मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव चक की मढ़ैया निवासी मुकेश 35 वर्ष पुत्र सुकराम के रूप में की। मृतक के पिता सुकराम ने बताया कि उनका इकलौता बेटा शनिवार दोपहर से लापता था और गांव का ही एक युवक उसे अपने साथ बुलाकर ले गया था।
परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते मुकेश की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हसनपुर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि , मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर गांव के ही सुखबीर पुत्र लीलाधर समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।



