अमरोहा
ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत, चालक फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा। रहरा थाना क्षेत्र के गांव भावली के पास सोमवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बजरी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 65 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतका की पहचान आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव रूपा नांगल निवासी चंद्रा देवी पत्नी खूबचंद के रूप में हुई है। बताया गया कि चंद्रा देवी अपनी जेठानी के निधन पर शोक में शामिल होने भावली गांव आई थीं। सोमवार शाम वह अपने बेटे अरविंद के साथ स्कूटी से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान भावली गांव के पास पीछे से आ रही बजरी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चंद्रा देवी सड़क पर जा गिरीं और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर रहरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतका के पीछे पांच बेटियां और दो बेटे हैं। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।



