ललितपुर
तहसील स्तर पर नए फायर स्टेशनों की होगी स्थापना
शासन से 13 करोड 49 लाख 66 हजार रुपये हुये स्वीकृत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। यह जिला लगभग 5039 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैला है। वर्तमान में केवल एकमात्र ललितपुर मुख्यालय फायर स्टेशन पर निर्भर है। यह केन्द्र पूर्व में 70 किमी, पश्चिम में 75 किमी, उत्तर में 65 किमी और दक्षिण दिशा में लगभग 110 किमी दूर तक की आपात सेवाएं प्रदान करता है। इस अत्यधिक दूरी के कारण दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर सहायता पहुंचना कठिन हो जाता है। वर्ष 2025 में अब तक जनपद में 500 अग्निकाण्ड और 23 जीवन रक्षक कॉल दर्ज किए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए जनपद में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता को गंभीरता से समझा गया। जनपद ललितपुर में अग्निशमन सेवाओं का विस्तार मुख्य अग्निशमन अधिकारी के प्रयासों के फलस्वरूप न केवल तहसील स्तर पर नए फायर स्टेशनों की स्थापना को शासन की स्वीकृति प्राप्त हुई है, बल्कि ब्लॉक स्तर पर भी भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही प्रचलित कर दी गई है।
यह बताये गये प्रमुख बिन्दू
मुख्यालय फायर स्टेशन शासनादेश संख्या 466/2021/6-7099/42/2021-0-7 गृह पुलिस अनुभाग-7, लखनऊ 25 जून 2021 द्वारा 13 करोड़ 49 लाख 66 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। निर्माण कार्य का शिलान्यास 09 सितम्बर 2021 को किया गया। प्रशासनिक भवन 17.06.2023 को हस्तांतरित तथा 15-नग टाइप बी आवासीय ब्लॉक 09 अप्रैल 2025 को हस्तांतरित हो चुके हैं। शेष 16-नग टाइप बी आवासीय ब्लॉक, टाइप-4 एवं 3 नया टाइप ए आवासीय भवनों का निर्माण कार्य प्रचलित है। नई तहसीलों में स्वीकृत फायर स्टेशन- मौजूदा समय में ही महरौनी, मड़ावरा, तालबेहट एवं पाली तहसीलों में फायर स्टेशन खोले जाने हेतु शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य हेतु नामित किया गया है। ब्लॉक स्तर पर विस्तार- शासन की योजना के क्रम में जनपद के प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर फायर स्टेशन खोले जाने हेतु कार्यवाही प्रगति पर है। इसी क्रम में जखौरा एवं बिरधा ब्लॉकों में उपयुक्त भूमि चिन्हित कर अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। आने वाले समय में तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर नवनिर्मित फायर स्टेशन आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन में मील का पत्थर साबित होंगे।