
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी थाना क्षेत्र में गोदाम के किराए को लेकर हुए आपसी विवाद में एक युवक की पिटाई के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मृतक के पिता चरण सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने दो नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखिया गेट लोनी निवासी चरणसिंह पुत्र ईश्वर ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 25 अप्रैल 2026 को उनका बेटा सोनू कुमार गूर्जर चौक स्थित एक गोदाम में परवेजा और आलोक के साथ सफाई कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सोनू पुत्र जहीर, शाहरुख (पुत्र नामालूम) और उनका एक अन्य साथी वहां पहुंचे और गोदाम के किराए को लेकर विवाद करने लगे। कहासुनी बढ़ने पर आरोपियों ने आवेश में आकर डंडों से सोनू कुमार की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले गए, जहां 26 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने मामले में दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

